कबीरधाम. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 करोड़ रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। थाना चिल्फी पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में एक कंटेनर वाहन से 9 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार तस्कर कंटेनर में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर में गांजा छिपाकर परिवहन कर रहा था, ताकि सामान्य जांच के दौरान पुलिस को शक न हो।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
थाना चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नागालैंड पासिंग कंटेनर में भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें कंटेनर के अंदर छिपाए गए चैंबर से गांजा बरामद हुआ।
वाहन में 30-30 किलो की कुल 30 बोरियों में गांजा पैक किया गया था।
9 क्विंटल गांजा और कंटेनर जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 900 किलोग्राम (9 क्विंटल) गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। साथ ही लगभग 50 लाख रुपये मूल्य का कंटेनर वाहन भी जब्त किया गया।
राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने आरोपी आयाज खान, निवासी भरतपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गांजा ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
नशे के कारोबार पर बड़ी चोट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई जिले में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
