CG Prime News@रायपुर. IPS Ratan Lal Dangi Suspended SI’s Wife Alleges Sexual Harassment यौन उत्पीडऩ के आरोपों के घिरे सीनियर आईपीएस (IPS) रतन लाल डांगी को छत्तीसगढ़ सरकार ने सस्पेंड कर दिया है। आईपीएस के खिलाफ विभागीय जांच लंबित होने के कारण यह कार्रवाई की गई है। शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने निलंबन का आदेश जारी किया है।
IPS रतन लाल डांगी सस्पेंड, SI की पत्नी ने लगाया है यौन उत्पीडऩ का आरोप
पहले आईजी (IG) के पद से हटाया
कुछ समय पहले पुलिस विभाग में पदस्थ एक एसआई की पत्नी ने आईपीएस डांगी पर यौन उत्पीडऩ के आरोप लगाए थे। बता दें कि 5 महीने पहले सरकार ने कार्रवाई करते हुए डांगी को आईजी के पद से हटा दिया था। अब सस्पेंड होने के बाद उनका मुख्यालय नया रायपुर पीएचक्यू निर्धारित किया गया है। इस दौरान वे सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
आरोपों की जांच जारी
जारी आदेश के मुताबिक, रतन लाल डांगी के खिलाफ गंभीर आरोपों की जांच चल रही है। जांच के दौरान उनके आचरण को अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 और अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1969 के प्रावधानों के तहत पहली नजर में संदिग्ध माना गया है।
पीड़िता ने पुलिस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई
15 अक्टूबर 2025 को SI की पत्नी ने यौन शोषण का आरोप लगाया। पीड़िता ने पुलिस मुख्यालय में औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि साल 2017 में रतनलाल डांगी से उसकी मुलाकात कोरबा में हुई थी, जब IPS डांगी वहां एसपी पद पर तैनात थे। शुरूआती बातचीत सोशल मीडिया पर हुई, जो आगे बढ़ती गई।
दंतेवाड़ा में पदस्थापना के दौरान वह वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें योग सिखाती थी। राजनांदगांव और सरगुजा में आईजी बनने के बाद डांगी ने कथित रूप से उसे परेशान करना शुरू किया। बिलासपुर आईजी रहते हुए उत्पीड़न का सिलसिला और बढ़ गया।
संपर्क करने के दबाव का आरोप
शिकायत में महिला ने बताया कि IPS डांगी उसे अपनी पत्नी की गैरमौजूदगी में बंगले में बुलाते थे। न आने पर पति के तबादले की धमकी देते थे। वीडियो कॉल के जरिए सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक संपर्क करने का दबाव बनाते थे। महिला ने यह भी दावा किया है कि उसके पास कई आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं। इस मामले की जांच जारी है।
