भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जोन-3 अंतर्गत मदर टेरेसा नगर क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, प्रस्तावित परियोजनाओं, तालाबों की स्थिति एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जोर
आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 31 स्थित सुन्दर नगर बस्ती में निर्माणाधीन सीमेंट कांक्रीट सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय नागरिकों को आवागमन में जल्द राहत मिल सके।
केनाल रोड निर्माण के लिए समन्वय के निर्देश
केनाल रोड निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सीमांकन एवं मार्किंग कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
श्याम नगर तालाब की सफाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान श्याम नगर तालाब में फैली जलकुंभी पर चिंता व्यक्त करते हुए आयुक्त ने इसे शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और जलभराव की समस्या रोकने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
स्वच्छता और सार्वजनिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान
आयुक्त ने क्षेत्र के सार्वजनिक सुलभ शौचालयों का निरीक्षण कर पानी की उपलब्धता एवं साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्ड की गलियों, मोहल्लों एवं नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य अमले को सक्रिय रहने को कहा।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, सहायक अभियंता नितेश मेश्राम, सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
