CG Prime News@दिल्ली. Fire breaks out at SCB Medical Hospital in Cuttack 10 patients dead ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल हॉस्पिटल में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। यह हृदयविदारक घटना अस्पताल के एक वार्ड में हुई, जिसमें 10 मरीजों की मौत हो गई। वहीं 5 अन्य मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी पुलिस कमिश्नर ने दी है।
घटना की न्यायिक जांच के दिए आदेश
ओडिशा सीएम माझी ने बताया कि ट्रामा केयर सेंटर में 23 मरीज भर्ती थे। इसमें से 10 मरीजों की मौत हो चुकी है यह पुष्टि खुद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने एससीबी मेडिकल पहुंचकर की है। एससीबी में भर्ती अन्य मरीजों को स्थानांतरित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कटक के एससीबी मेडिकल हॉस्पिटल में लगी भयंकर आग, 10 मरीजों की मौत
सो रहे थे भर्ती मरीज और परिजन
जानकारी के अनुसार देर रात जब अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजन सो रहे थे, उसी समय अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद स्थिति कुछ ही देर में बेकाबू हो गई और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।
ICU के मरीजों को बाहर निकाला गया
आग लगते ही अस्पताल के कर्मचारी और अग्निशमन दल तुरंत सक्रिय हो गए। सबसे पहले अस्पताल की अपनी फायर यूनिट ने आग बुझाने का प्रयास किया, बाद में बाहर से तीन दमकल गाडिय़ां भी मौके पर पहुंचीं। धुआं और आग के कारण कई मरीजों को भारी नुकसान हुआ। आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल के न्यू मेडिसिन आईसीयू में शिफ्ट किया गया।
इन मरीजों की हुई मौत
रमेश चंद्र परिडा
दासरू मुंडा,
एमडी नयूम,
गौरांग चंद्र बारिक,
सेख अब्दुल सतर,
मधुसूदन दलाई
कृष्ण चंद्र बिस्वाल,
रविंद्र दास,
चेरू परिडा,
मेनका राउत
CM पहुंचे अस्पताल
घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी खुद अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। स्थानांतरण के दौरान 10 मरीजों की मौत होने की पुष्टि करते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए।
