भिलाई। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में 26 फरवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 भिलाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली गई। बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण और त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था
एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर आम नागरिकों को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के प्रति जागरूक किया जाए। पूर्व वर्षों की घटनाओं के आधार पर चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख मार्गों, कॉलोनियों एवं बस्तियों में फिक्स पिकेट स्थापित किए जाएंगे। साथ ही पैदल पेट्रोलिंग और बाइक पेट्रोलिंग बढ़ाकर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
हुड़दंग और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
बैठक में दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, स्टंटबाजी, नशे की हालत में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गुंडा, निगरानी बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश
एसएसपी ने लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि समयबद्ध कार्रवाई से कानून व्यवस्था मजबूत होती है और आमजन का विश्वास बढ़ता है।
अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता
बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) ममता देवांगन सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
