दुर्ग पुलिस की नशे के विरुद्ध सख्त कार्यवाही
दुर्ग. थाना पुलगांव पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम एवं डोडा चूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 14 दिसंबर 2025 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 18(ख), 15(ख), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
(Durg: One accused arrested with opium doda chura, goods worth Rs 1.81 lakh seized)
शिवनाथ नदी ब्रिज के नीचे पकड़ा गया आरोपी
अंजोरा चौकी उप निरीक्षक खेलन साहू ने बताया कि सूचना मिली थी कि ग्राम महमरा कैफेटेरिया के सामने शिवनाथ नदी ब्रिज के नीचे एक जीप चालक अवैध रूप से मादक पदार्थ बेच रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी सुरेन्द्र सिंह (76 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपी जीप CG 07 ZD 9956 से अफीम व डोडा चूरा बेच रहा था।
1.81 लाख रुपये का माल जब्त
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 3.869 किलोग्राम डोडा चूरा, 57 ग्राम अफीम, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, मोबाइल फोन, नकद राशि तथा घटना में प्रयुक्त जीप वाहन सहित कुल 1,81,500 रुपए का माल जब्त किया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मादक पदार्थ किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हाईवे पर पहुंचाया जाता था, जिसे ट्रक चालकों को बेचा जाता था।
