भिलाई। मोहन नगर थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में जब्त 79 ग्राम सोने की ज्वेलरी के गबन की आरोपी बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक मोनिका सोनी गुप्ता ने जिला अस्पताल में पुत्र को जन्म दिया है। वह नौ माह की गर्भवती अवस्था में न्यायिक रिमांड पर जेल में निरुद्ध थी। मंगलवार सुबह 7:36 बजे उसकी सामान्य (नॉर्मल) डिलीवरी हुई। डॉक्टरों के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। (A dismissed female head constable imprisoned in jail gave birth to a son in the district hospital.)
डिलीवरी के बाद फिर जेल शिफ्ट
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि मोनिका सोनी गुप्ता को 8 फरवरी को लेबर पेन होने पर भर्ती कराया गया था। 10 फरवरी को उसने पुत्र को जन्म दिया। दो-तीन दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने के पश्चात उसे पुनः जेल प्रबंधन की सुरक्षा में शिफ्ट किया जाएगा। जेल प्रशासन जच्चा और नवजात की देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्था करेगा।
यह भी पढ़ोः सर, अब तो मैं घर से ही बाहर नहीं निकलूंगी, दुर्ग DIG बोले-स्कूल जाना, पढ़ाई करना
79 ग्राम सोने की ज्वेलरी गबन का आरोप
मोनिका सोनी गुप्ता मोहन नगर थाना में प्रधान आरक्षक पद पर पदस्थ थी। 4 जुलाई 2022 को सिंधिया नगर निवासी सोनल द्विवेदी ने 79 ग्राम सोने की ज्वेलरी और 32 हजार रुपए नकद चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच मोनिका के जिम्मे थी। 30 जून 2023 को आरोपी चोर को गिरफ्तार कर लगभग 2.5 लाख रुपए कीमत की ज्वेलरी बरामद की गई, लेकिन आरोप है कि मोनिका ने जब्त माल को आरक्षी केंद्र में जमा कराने के बजाय अपने पास ही रख लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह करती रही।
ठगी का भी दर्ज है प्रकरण
पुलिस के अनुसार, मोनिका सोनी गुप्ता पर नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने का भी आरोप है। विभागीय जांच, आरोप पत्र और अंतिम स्मरण पत्र के बावजूद उसने अपना पक्ष प्रस्तुत नहीं किया। छावनी थाना में उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। 2 फरवरी को उसकी गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
