Thursday, February 19, 2026
Home » Blog » पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

आजाद चौक क्षेत्र में युवक पर हमला, पुलिस ने आरोपी को पकड़कर भेजा जेल

by cgprimenews.com
0 comments
आजाद चौक पुलिस द्वारा जानलेवा हमला करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी

रायपुर | राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था।

पुराने विवाद में बुलाकर किया हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अजय साहू, निवासी जोरापारा मौदहापारा, ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 17 फरवरी 2026 को आरोपी राहुल यादव ने पुराने विवाद को लेकर उसे सिल्लू बाड़ी, आजाद चौक क्षेत्र में मिलने के लिए बुलाया।

मुलाकात के दौरान आरोपी ने पहले अश्लील गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हत्या की नियत से धारदार चाकू से हमला कर मौके से फरार हो गया। हमले में घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

मामला दर्ज कर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना आजाद चौक पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 296, 351(2), 115(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला कायम किया।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रायपुर संदीप पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी से चाकू बरामद

पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल यादव (22 वर्ष), निवासी सिंधी स्कूल के सामने गली, जोरापारा, थाना मौदहापारा, ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू भी जब्त किया है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

You may also like