भिलाई. नगर पालिक निगम के आयुक्त Rajeev Kumar Pandey ने जोन-3 अंतर्गत बैकुंठधाम क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवीन डामर सड़क, बैकुंठधाम मैदान, उद्यानों और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को जनसुविधाओं के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए।
अवैध क्रिकेट कोर्ट पर कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एक क्रिकेट कोच द्वारा निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर क्रिकेट कोर्ट बनाया जा रहा था। इस पर आयुक्त ने सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
उद्यानों के रखरखाव के दिए निर्देश
जयंती उद्यान के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाथवे, झरने और फव्वारों के संधारण के निर्देश दिए। साथ ही बाउंड्रीवाल तोड़कर अनधिकृत प्रवेश करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
कचरा डंपिंग पर जताई नाराजगी
शासकीय स्कूल के पास कचरा डंपिंग स्थल का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने पाया कि कचरा जमा होने से बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि प्रतिदिन कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए।
सड़कों की गुणवत्ता भी परखी
जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता के साथ उन्होंने क्षेत्र में बनी नई डामर सड़कों की गुणवत्ता की भी जांच की। साथ ही निगम की संपत्तियों का बिना अनुमति निजी कार्यक्रमों में उपयोग करने पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
