Sunday, August 9, 2026
Home » Blog » कलेक्टर-SP कॉन्फ्रेंस में CM के निशाने पर आया दुर्ग रेंज, बोले यहां पुलिस को ज्यादा मेहनत की जरूरत, अफसरों को दी संयमित भाषा की नसीहत

कलेक्टर-SP कॉन्फ्रेंस में CM के निशाने पर आया दुर्ग रेंज, बोले यहां पुलिस को ज्यादा मेहनत की जरूरत, अफसरों को दी संयमित भाषा की नसीहत

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
CG PRIME NEWS

@Dakshi sahu Rao

CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधारी रायपुर में चल रही कलेक्टर-SP कॉन्फ्रेंस में शुक्रवार को सीएम विष्णुदेव साय (CM VISHNU DEO SAI) ने दुर्ग रेंज की पुलिसिंग पर टिप्पणी करते हुए अधिकारियों को ज्यादा मेहनत की नसीहत दी। उन्होंने कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन कहा कि रायपुर में सरकारी जमीनों पर भूमाफियाओं का कब्जा है। राजस्व और पुलिस की टीम मिलकर इसे नियंत्रण करें। बिलासपुर रेंज में अपराधों में कमी आई है, लेकिन संतोष नहीं करना है। वहीं सीएम ने दुर्ग और राजनांदगांव रेंज पुलिस को और ज्यादा मेहनत करने की जरूरत बताई।

दुर्ग रेंज पुलिस हत्या, डकैती के मामले नहीं सुलझा पा रही
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कॉन्फे्रंस के दूसरे दिन कहा कि, दुर्ग पुलिस रेंज को और ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। हत्या और डकैती के मामले 6 महीने में भी नहीं सुलझ पा रहे हैं, ये सही नहीं है। कई मामलों में आरोपी फरार है, इस पर जल्दी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, किसान सम्मान निधि में धोखाधड़ी का मामला सामने आया था। ऐसी गड़बड़ी भविष्य में दोबारा नहीं होनी चाहिए। प्रतिबंधात्मक मामलों में देरी न हो और जिला बदर की कार्रवाई केवल कागजों पर ना हो, बल्कि वास्तव में हो।


अफसरों को लगाई थी जमकर फटकार
सीएम साय ने कहा कि, नए कानून की जानकारी को बेहतर तरीके से स्वीकार करें और जरूरत के अनुसार ट्रेनिंग कर खुद को अपडेट करते रहें। बता दें कि कॉन्फ्रेंस के पहले दिन जिलों के कलेक्टर के साथ हुई मीटिंग में सीएम विष्णुदेव साय ने अफसरों को जमकर फटकार लगाई थी। उन्होंने अफसरों को भाषा पर संयम रखने को कहा। खासकर सीएम के निशाने पर सारंगढ़, खैरागढ़, बस्तर और रायगढ़ के कलेक्टर रहे। उन्होंने जनता के काम ढंग से नहीं होने पर नाराजगी जताई।

नशे के खिलाफ अभियान चलाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशीली दवाइयों की बिक्री पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस अवैध व्यापार के इकोसिस्टम को तोड़ना होगा और अपराध की जड़ तक पहुंचकर इसे समाप्त करना होगा। उन्होंने कहा कि रायपुर में स्कूल और कॉलेजों में नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है, ताकि युवाओं को इस घातक प्रवृत्ति से बचाया जा सके।

भूमाफियों पर रखें कड़ी नजर
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर रेंज की समीक्षा करते हुए राजधानी में पुलिसिंग की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि रायपुर प्रदेश की राजधानी है और यहां की पुलिसिंग का सर्वाेत्तम स्तर पर होना अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने रायपुर में भूमाफियाओं द्वारा शासकीय और आम नागरिकों की जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस और राजस्व विभाग मिलकर इस समस्या पर कड़ी नजर रखें और तुरंत कार्रवाई करें।

You may also like