CG Prime News@रायपुर.Chhattisgarh Assembly Budget Session 2026 छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हो रहा है। बजट सत्र के दूसरे दिन यानी 24 फरवरी को वित्त मंत्री ओपी चौधरी (Finance Minister OP Chaudhary) प्रदेश का बजट पेश करेंगे। ज्ञान-गति के बाद इस बार भी नए थीम के साथ बजट पेश किया जाएगा। बजट सत्र से पहले वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि इस बार बजट में सभी वर्गों का बराबर ध्यान रखा गया है।
प्रदेश के विकास को मिलेगी गति- ओपी चौधरी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और किसानों को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि बजट के माध्यम से प्रदेश के विकास को गति मिले और जनहितकारी योजनाओं को और मजबूत किया जाए।
राज्यपाल करेंगे सदन को संबोधित
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका सदन को संबोधित करेंगे। उनके अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र की शुरुआत होगी। राज्यपाल अपने संबोधन में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगे की योजनाओं की जानकारी देंगे। बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार वित्तीय वर्ष के आय-व्यय का विवरण सदन में पेश करेगी। इसके साथ ही विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों और सरकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
नगर पंचायतों और पालिका क्षेत्रों में बनेंगे रिंग रोड
इस बार के बजट की सबसे खास बात यह होगी कि सभी विभागों की गैर जरूरी योजनाओं की राशि में कटौती की जाएगी। इसी तरह प्रदेश के सभी बड़े नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में रिंग रोड बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए लगभग सौ करोड़ रुपए का प्रावधान करने की तैयारी है। इसी तरह छूटे हुए जिलों में नालंदा लाइब्रेरी बनाने के लिए पैसे दिए जाएंगे। पीएम सूर्यघर योजना के साथ ही आयुष्मान योजना के लिए लगभग दो हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया जाएगा। बताया जा रहा है कि बजट 2026-27 में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर फोकस किया जाएगा।
