CG Prime News@दुर्ग.Police Personnel Fined for Not Wearing Helmets in Durg District दुर्ग जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करना पुलिसकर्मियों को ही भारी पड़ गया। बिना हेलमेट पहने गाड़ी चलाने वाले 24 पुलिसकर्मियों पर चालानी कार्रवाई की गई है। दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने हेलमेट नहीं पहनने वाले पुलिसकर्मियों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि नियमों के उल्लंघन पर किसी को भी छूट नहीं है। सभी के लिए कानून समान रूप से लागू है।
सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
दुर्ग जिले में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा लगातार प्रभावी और निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यातायात नियमों का पालन आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी समान रूप से करें।
24 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई
दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि हाल ही में यह पाया गया कि कुछ पुलिसकर्मी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग नहीं कर रहे थे। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत चालानी कार्यवाही की गई। कुल 24 पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों पर कार्यवाही करते हुए उन्हें भविष्य के लिए सख्त चेतावनी भी दी गई है।
आईटीएमएस से कर रहे निगरानी
साथ ही, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के माध्यम से निरंतर निगरानी रखते हुए कैमरों के जरिए ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। जिससे नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके। यातायात पुलिस द्वारा सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्वयं नियमों का पालन करते हुए आम नागरिकों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं पुलिस विभाग के सभी कर्मचारियों से अपील करती है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
“सुरक्षा ही प्राथमिकता है — हेलमेट जरूर पहनें”
