
पुरानी रंजिश ने ली युवक की जान, पुलिस की निगरानी पर उठे सवाल
भिलाई. Bloody clash between two groups in Bhilai: Youth murdered; prior dispute had also occurred. दुर्ग के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात दो गुटों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। ईंट-पत्थरों और मारपीट के दौरान कुंद्रापार निवासी लेखराम कोठारी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ेः छत्तीसगढ़ में ड्रग्स के खिलाफ जनता बने पुलिस की सबसे बड़ी ताकत: DGP अरुण देव गौतम
सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे लेखराम कोठारी का दूसरे गुट के युवकों से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हमले में गंभीर रूप से घायल लेखराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

जांच तेज, आधा दर्जन संदेही हिरासत में
घटना के बाद पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब छह संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सभी का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है।
सप्ताहभर पहले भी हुआ था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गुटों के बीच लगभग एक सप्ताह पहले भी विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को जेल भेजा था। हालांकि जेल से रिहा होने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव दोबारा बढ़ गया और अंततः यह विवाद हत्या तक पहुंच गया।
पुलिस की निगरानी पर उठे सवाल
घटना ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव और विवाद की जानकारी थी और हाल ही में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई थी, तो रिहाई के बाद संवेदनशील व्यक्तियों पर लगातार निगरानी, समझाइश और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस सतर्कता अपेक्षित थी। अब इस घटना के बाद यह चर्चा तेज है कि क्या समय रहते प्रभावी निगरानी और हस्तक्षेप से इस हिंसक वारदात को रोका जा सकता था।
मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच का हिस्सा
पुलिस के अनुसार मृतक लेखराम कोठारी के खिलाफ पूर्व में भी कुछ आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं और वह स्थानीय स्तर पर गुंडा-बदमाश के रूप में चिन्हित था। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की पूरी पृष्ठभूमि और दोनों पक्षों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
