अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान
राजनांदगांव। जिले में अवैध गांजा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना बोरतलाव के एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में जप्त बोलेरो पिकअप वाहन की राजसात उपरांत नीलामी की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की गई है।
यह बी पढ़ेः हनुमान मंदिर की मूर्ति तोड़ने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, जेसीबी जप्त
नीलामी की पूरी प्रक्रिया
थाना बोरतलाव के अपराध 11/25, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत जप्त वाहन बोलेरो पिकअप क्रमांक CG-10-BQ-0634 को जिला दण्डाधिकारी के आदेशानुसार राजसात किया गया। इसके बाद नीलामी हेतु एक समिति का गठन किया गया, जिसमें लोक निर्माण विभाग (ई/एम.), क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय एवं पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल थे। समिति द्वारा विधिवत निरीक्षण एवं मूल्यांकन प्रतिवेदन तैयार किया गया।
MSTC के माध्यम से ऑनलाइन नीलामी
राज्य शासन के निर्देशानुसार केंद्र सरकार के सार्वजनिक उपक्रम MSTC (Ltd.) के माध्यम से जप्त वाहन की ऑनलाइन नीलामी कराई गई, जिससे अधिक से अधिक बोलीकर्ता भाग ले सकें। इस प्रक्रिया में बोलेरो पिकअप वाहन को 4,92,911 रुपये में नीलाम किया गया। नीलामी से प्राप्त संपूर्ण राशि शासन के कोषालय में जमा करा दी गई है।
243 किलो गांजा के साथ आरोपी पकड़े गए थे
उल्लेखनीय है कि दिनांक 30 मार्च 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ओडिशा से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश के सागर ले जाए जा रहे तस्करों को पकड़ा था। बोलेरो पिकअप के ट्रॉली में सब्जी की टोकरियों में छिपाकर 243.54 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 36.53 लाख रुपये थी, का परिवहन किया जा रहा था।
मौके से आरोपी संतोष पाल और दिलावर अली को गिरफ्तार किया गया था। विवेचना के दौरान फरार आरोपी आमीर एवं गांजा खरीददार काले बहादुर को भी सागर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।
तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार
राजनांदगांव पुलिस ने इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार बताया है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध इसी तरह सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
