दुर्ग | नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना छावनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिंथेटिक हिरोईन (चिट्टा) के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.89 ग्राम मादक पदार्थ सहित मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद की गई है।
मुखबिर सूचना पर की गई घेराबंदी
पुलिस को 25 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बैकुंठ धाम दशहरा मैदान, कैम्प-02 क्षेत्र में कुछ युवक चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना छावनी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 6.89 ग्राम सिंथेटिक हिरोईन (चिट्टा), एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा ₹500 नगद बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹1,48,500 आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने थाना छावनी में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 8(C), 21(A) एवं 29 NDPS Act के अंतर्गत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा नशे की बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की गई है। पुलिस अब चिट्टा सप्लाई नेटवर्क, पेडलर और अन्य जुड़े आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी
-
करन सिंह उर्फ टेटू (29 वर्ष), अटल आवास हाउसिंग बोर्ड, भिलाई
-
रविन्द्र सिंह (24 वर्ष), जवाहर नगर अटल आवास
-
अयान अली (22 वर्ष), संग्राम चौक, भिलाई
-
लक्ष्मण चौधरी (29 वर्ष), जवाहर नगर बॉम्बे आवास
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें तथा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या परिवहन की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
