जांजगीर-चांपा. बलौदा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन भारतमाला फोरलेन सड़क परियोजना के आरएचएसएस टोल प्लाजा से बैटरी चोरी की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के चलते तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी आशीफ कुरैशी, निवासी बलौदा ने 25 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि भारतमाला निर्माणाधीन फोर लेन रोड के किलोमीटर 29+100 स्थित आरएचएसएस टोल प्लाजा के टीएलसी रूम का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा 12 वोल्ट की 06 नग एमरॉन क्वेंटा कंपनी की बैटरियां चोरी कर ली गईं, जिनकी कुल कीमत 27 हजार रुपये बताई गई।
सीसीटीवी और मुखबिर सूचना से मिली सफलता
घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना बलौदा पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की। संदेही समीर पटेल (22 वर्ष), उमेश सिंह कंवर उर्फ लच्छू (40 वर्ष) एवं सुनील कंवर (30 वर्ष), सभी निवासी ग्राम चारपारा थाना बलौदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई एवं वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
चोरी का सामान बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई 06 बैटरियां एवं 27,000 रुपये की नगदी बरामद कर ली। आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4) एवं 305 (a) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित थाना बलौदा पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
