रायपुर। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में 20 फरवरी 2026 को पुलिस लाईन रायपुर में आयोजित जनरल परेड के दौरान बलवा ड्रिल अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों की वेशभूषा का निरीक्षण किया।
दंगा नियंत्रण की तैयारी का पूर्वाभ्यास
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में दंगों की स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु बलवा ड्रिल का पूर्वाभ्यास कराया गया। अभ्यास के दौरान विभिन्न पार्टियाँ गठित की गईं, जिनमें प्रदर्शनकारी दल, कार्यपालक मजिस्ट्रेट दल, अश्रुगैस पार्टी, केन पार्टी, लाठी पार्टी, रिजर्व पार्टी, गिरफ्तारी पार्टी, राइफल पार्टी, प्राथमिक उपचार दल, रिपोर्टर, फोटोग्राफर एवं पुलिस मुखबिर शामिल रहे।
अधिकारियों ने दिया आवश्यक मार्गदर्शन
अभ्यास के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) गौरव मंडल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) आकाश मरकाम, सहायक पुलिस कमिश्नर नवनीत पाटिल एवं नीलेश कुमार द्विवेदी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उग्र भीड़ की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों और जिम्मेदारियों पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की प्रासंगिक धाराओं पर भी चर्चा की गई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान
पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने अभ्यास के दौरान बल के अनुशासित प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उत्कृष्ट वेशभूषा वाले अधिकारी-जवानों को पुरस्कृत किया गया, जबकि निर्धारित वेशभूषा में कमी पाए जाने पर चेतावनी दी गई।
लंबित प्रकरणों का निराकरण
परेड के बाद पुलिस लाईन ग्राउंड में ओ.आर. पेशी आयोजित कर लंबित प्रकरणों का निराकरण भी किया गया। जनरल परेड का उद्देश्य पुलिस बल की समन्वय क्षमता, व्यावसायिक दक्षता एवं आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया कौशल को मजबूत करना रहा। अभ्यास में कुल 530 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
