रायपुर. राजधानी रायपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 50 किलोग्राम गांजा बरामदगी मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर उड़ीसा से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। यह कार्रवाई थाना सिविल लाइन पुलिस एवं क्राइम टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मुखबिर सूचना पर हुई थी पहली कार्रवाई
दिनांक 14 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में चारपहिया वाहन में सवार दो व्यक्ति अवैध गांजा बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई कर आरोपी हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश सरोज एवं हिमांशु दामले को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से 50 किलोग्राम गांजा एवं ₹2 लाख नगद जब्त किया था, जिसके बाद नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया पैडलर का नाम
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं नेटवर्क की जांच के दौरान मामले में पैडलर के रूप में कार्य करने वाले आरोपी राजकिशोर बेहरा उर्फ मिलन का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं इनपुट के आधार पर उड़ीसा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खाते में रकम प्राप्त कर मादक पदार्थ उपलब्ध कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाता था।
मोबाइल फोन जब्त, जांच जारी
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 02 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी जांच कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत धारा 20(सी) एवं 29 नारकोटिक एक्ट में कार्रवाई की गई है।
पुलिस का अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
