रायगढ़. जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम नवीन घटगांव और मुड़ागांव में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
ड्रोन सर्वे से खुलासा
तमनार के आमाघाट में पहले हुई बड़ी कार्रवाई के बाद जिलेभर में फिजिकल और ड्रोन सर्वे तेज किया गया। इसी दौरान नवीन घटगांव में सादराम नागवंशी द्वारा खेत में अवैध अफीम की खेती करते हुए पाया गया। मौके से भारी मात्रा में सूखे पत्ते और डंठल जब्त किए गए।
घर से भी मिली अफीम
इसी गांव में अभिमन्यु नागवंशी के घर से 14 किलो सूखी अफीम बरामद हुई। पुलिस पहुंचने पर आरोपी साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश कर रहा था, जिसे तत्काल रोका गया।
मुड़ागांव में तीसरी कार्रवाई
मुड़ागांव में आरोपी तानसिंह नागवंशी द्वारा अवैध अफीम पोस्त की खेती कर उसे छिपाने का प्रयास किया जा रहा था। यहां से भी करीब 4 किलो अफीम जब्त की गई।
61 किलो से ज्यादा जब्ती
तीनों मामलों को मिलाकर पुलिस ने कुल 61 किलो से अधिक अफीम और उससे संबंधित सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्रशासन का सख्त संदेश
जिला प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
