कबीरधाम. जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से महुआ शराब और बिक्री के लिए रखी गई देशी मदिरा जब्त की है।
पहले मामले में महुआ शराब बरामद
पहले प्रकरण में ग्राम बेंदरची (आबादी पारा) में दबिश देकर आरोपी मनोज पटेल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 8 लीटर देशी महुआ शराब और करीब 40 लीटर महुआ लाहन बरामद हुआ। आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिस पर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरे मामले में शराब बिक्री करते पकड़ा गया आरोपी
दूसरे प्रकरण में ग्राम बेंदरची (भाठापारा) में स्कूल के पास पुलिस ने आरोपी कैलाश श्रीवास को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उसके पास से 17 पौवा देशी मदिरा और 240 रुपये की बिक्री रकम जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अवैध रूप से शराब का संग्रहण और विक्रय कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा था। त्वरित कार्रवाई कर पुलिस ने इन पर अंकुश लगाया है।
पुलिस की अपील
अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में आम नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
