जांजगीर-चांपा. जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते एक युवक को जिंदा जलाने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक का उपचार रायपुर के अस्पताल में जारी है।
रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार घटना 15 फरवरी 2026 की है, जब आहत विशू सारथी ग्राम कटौद में मेला देखने गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी आकाश कुमार कर्ष (20 वर्ष), निवासी ग्राम कटौद, थाना नवागढ़, मौके पर पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से विशू सारथी के ऊपर डीजल डाल दिया और माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया।
तालाब में कूदकर बचाई जान
आग लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया। दर्द से चिल्लाते हुए उसने अपनी जान बचाने के लिए पास स्थित तालाब में छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच सकी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नवागढ़ पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तारी कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपी के विरुद्ध थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत धारा 109, 296 एवं 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे एवं नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
