Home » Blog » अनाचार मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

अनाचार मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

पामगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, साइबर तकनीक से पकड़ा गया आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

by cgprimenews.com
0 comments
पामगढ़ पुलिस द्वारा अनाचार मामले के फरार आरोपी को गिरफ्तार करते हुए

जांजगीर-चांपा | नाबालिग बालिका से जुड़े अनाचार एवं अपहरण के गंभीर मामले में थाना पामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने साइबर तकनीकी सहायता से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

बहला-फुसलाकर किया था अपहरण

पुलिस के अनुसार घटना 04 अगस्त 2025 की है, जब आरोपी विशाल यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम हिर्री, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा, नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 347/2025 के तहत धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

शादी का झांसा देकर करता रहा अनाचार

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ लगातार अनाचार करता रहा। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।

साइबर तकनीक से मिली सफलता

पुलिस टीम ने तकनीकी एवं साइबर इनपुट के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2), 87, 64(2)(एम) भारतीय न्याय संहिता तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) 2012 की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले, आरक्षक श्याम ओग्रे, रावघवेंद्र, भुवनेश्वर पटेल एवं सैनिक चंद्रशेखर प्रधान सहित थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You may also like