CG Prime News@दुर्ग.Ganesh Visarjan 2026 गणेश उत्सव के समापन के साथ अब प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दुर्ग में 24 से 26 सितंबर 2026 तक शिवनाथ नदी में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में गणेश समितियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष डायवर्सन प्लान जारी किया है।
अंजोरा-पुलगांव मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बदलेगी
विसर्जन के तीन दिनों के दौरान अंजोरा से पुलगांव और पुलगांव से अंजोरा के बीच आने-जाने वाले मार्ग पर मालवाहक और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही सामान्य चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। यातायात पुलिस के अनुसार इस मार्ग पर केवल गणेश प्रतिमा विसर्जन से जुड़े वाहनों को आवश्यकता के अनुसार प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
भारी वाहनों के लिए ये रहेगा डायवर्जन
अंजोरा की तरफ से आने वाले भारी और मालवाहक वाहनों को बाईपास मार्ग की ओर भेजा जाएगा। वहीं अंडा की ओर से आने वाले भारी एवं मध्यम वाहनों के लिए रिसामा, गाड़ाडीह और फुंडा होते हुए पाटन-अभनपुर-रायपुर की दिशा में वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। पुलिस ने बताया कि डायवर्सन का उद्देश्य विसर्जन मार्ग पर वाहनों का दबाव कम रखना है।

गणेश प्रतिमाओं के लिए निर्धारित रूट
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए यातायात पुलिस ने एक निर्धारित मार्ग भी जारी किया है। प्रतिमाएं मुर्गा चौक से 25 मिलियन चौक, सेक्टर-9 चौक, एमडी बंगला तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक और पुलगांव चौक होते हुए शिवनाथ नदी स्थित विसर्जन स्थल तक पहुंचेंगी।
समितियों और आम लोगों से अपील
यातायात पुलिस ने गणेश समितियों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में अनावश्यक वाहन साथ न लाएं। समिति के सदस्य और श्रद्धालु जरूरी वाहनों के साथ सीमित संख्या में ही विसर्जन स्थल पर पहुंचें।

वहीं आम नागरिकों से 24 से 26 सितंबर के बीच अंजोरा-पुलगांव मार्ग का उपयोग करने से बचने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। यातायात पुलिस का कहना है कि निर्धारित डायवर्सन का पालन करने से विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
