CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले में शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत के बाद दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पीडि़त और उसके परिवार के 10 सदस्यों से कुल 3,04,50,000 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवाए थे।
दो करोड़ 90 हजार रुपए नहीं लौटाया
आरोपी ने 1,03,60,000 रुपये वापस किए गए। वहीं शेष 2,00,90,000 रुपए वापस नहीं किए। जिसके बाद पीडि़त ने धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत थाने में दर्ज कराई।
यह है पूरा मामला
दुर्ग निवासी पीडि़त कृष्ण कुमार चंद्राकर, उम्र 56 वर्ष ने थाने में लिखित शिकायत की। शिकायत के अनुसार आरोपी प्रकाश सिन्हा द्वारा स्वयं की शेयर ट्रेडिंग कंपनी संचालित करने तथा उसमें राशि निवेश करने पर अधिक मुनाफा प्राप्त होने का विश्वास दिलाकर पीडि़त और उसके परिवार के कुल 10 सदस्यों को निवेश के लिए प्रेरित किया गया।

अलग-अलग खातों से ट्रांसफर कराया पैसा
आरोपी द्वारा दिनांक 24.11.2021 से 13.01.2022 के मध्य विभिन्न बैंक खातों से कुल 3,04,50,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए गए। इनमें से 1,03,60,000 रुपये परिवार के सदस्यों के खातों में वापस किए गए। जबकि शेष 2,00,90,000 रुपये वापस नहीं किए गए। शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 467/2026, धारा 420 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा आरोपी की पतासाजी करते हुए उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में वित्तीय लेन-देन एवं अन्य साक्ष्यों का संकलन जारी है।

इस आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
1. प्रकाश सिन्हा, उम्र 32 वर्ष, निवासी अमलेश्वर, तहसील भिलाई-03, जिला दुर्ग (छ.ग.), हाल ग्राम कोनार, मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.)।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन निवेश अथवा किसी भी वित्तीय योजना में निवेश करने से पूर्व संबंधित कंपनी एवं व्यक्ति की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें। अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन राशि ट्रांसफर न करें तथा संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
