Wednesday, October 14, 2026
Home » Blog » बिलासपुर में सोशल मीडिया कमेंट पर बवाल, हिंसक झड़प के बाद धारा 144 लागू

बिलासपुर में सोशल मीडिया कमेंट पर बवाल, हिंसक झड़प के बाद धारा 144 लागू

पथराव और नारेबाजी के बाद प्रशासन का सख्त कदम, चार से अधिक लोगों के जुटने और बिना अनुमति सभा-प्रदर्शन पर रोक

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर किए गए कथित विवादित कमेंट को लेकर शुक्रवार रात शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच मारपीट, नारेबाजी और पथराव के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस के पहुंचने के बाद भी पथराव की घटना सामने आई। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है।

चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध

कलेक्टर संजय अग्रवाल के आदेश के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। हालांकि परिवार के सदस्यों के सामान्य आवागमन पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। प्रशासन की अनुमति के बिना सभा, रैली, जुलूस, धरना, प्रदर्शन या हड़ताल आयोजित नहीं की जा सकेगी।

हथियार लेकर चलने पर भी रोक

प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर तलवार, चाकू, लाठी, भाला समेत अन्य हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगाया है। सरकारी ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को इससे छूट दी गई है। वृद्ध और दिव्यांग लोगों को लाठी के सहारे चलने तथा धार्मिक परंपरा के तहत कृपाण रखने वालों को भी प्रतिबंध से छूट रहेगी।


तोड़फोड़ और सड़क जाम पर सख्ती

धारा 144 के तहत सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने, सड़क जाम करने और दहशत फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को इलाके में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इंस्टाग्राम कमेंट के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में किए गए कथित विवादित कमेंट से हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गए। कहासुनी और मारपीट के बाद नारेबाजी शुरू हुई और देखते ही देखते पथराव होने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किए जाने की सूचना है।

पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना

हिंसक झड़प में तारबाहर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना सामने आई है। कुछ युवकों को भी चोटें आई हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

You may also like