वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का निधन
मुंबई। Actor Pradeep Rawat passes away at 74; breathes his last after a long battle with cancer. हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार को 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीमारी दोबारा उभरने के बाद उनका करीब एक महीने से अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन की पुष्टि उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने की है। उनके जाने से फिल्म जगत में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ेः दुर्ग सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार
यशपाल शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
प्रदीप रावत के निधन की जानकारी सबसे पहले अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि संदेश साझा करते हुए दी। इसके बाद कई कलाकारों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। अभिनेता सोनू सूद ने भी सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर साझा कर लिखा कि प्रदीप रावत की कमी हमेशा महसूस होगी।

महाभारत से शुरू हुआ अभिनय का सफर
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने लगान, सरफरोश, गजनी, आवारापन, ग्रैंड मस्ती और बैजू बावरा जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं।
खासतौर पर फिल्म गजनी में निभाया गया उनका किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा। तमिल संस्करण में निभाई गई भूमिका को उन्होंने बाद में हिंदी रीमेक में भी दोहराया।

दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी बनाई अलग पहचान
प्रदीप रावत ने तेलुगु फिल्म ‘सई’ (Sye) से दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में प्रभावशाली खलनायक की भूमिका निभाई। उनकी दमदार आवाज, प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस और गंभीर अभिनय शैली ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।
सलमान खान ने भी किया था जिक्र
मार्च 2025 में फिल्म ‘सिकंदर’ के प्रमोशन के दौरान अभिनेता सलमान खान ने प्रदीप रावत से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया था कि प्रदीप रावत ने एक बार निर्देशक ए.आर. मुरुगदास के अनुशासन का हवाला देते हुए मजाक में कहा था कि सलमान उनके साथ काम नहीं कर पाएंगे। सलमान ने इस घटना को हंसते हुए याद किया था।
सिनेमा जगत ने खोया एक दमदार कलाकार
चार दशक से अधिक लंबे करियर में प्रदीप रावत ने अलग-अलग भाषाओं और किरदारों के माध्यम से दर्शकों का दिल जीता। खलनायक हो या चरित्र अभिनेता, उन्होंने हर भूमिका को अपनी विशिष्ट शैली से यादगार बनाया। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक अनुभवी और बहुमुखी कलाकार को खो दिया है।
