Saturday, July 18, 2026
Home » Blog » छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, बिलासपुर में कॉलोनियों में कमर तक भरा पानी

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, बिलासपुर में कॉलोनियों में कमर तक भरा पानी

बंगाल-ओडिशा के लो प्रेशर सिस्टम का असर, बिलासपुर में 24 घंटे में 415.6 मिमी बारिश; कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, बिलासपुर में सड़कों पर भरा पानी

CG Prime News@रायपुर. Flood-like conditions in several districts of Chhattisgarh due to heavy rainfall. छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल, झारखंड और ओडिशा के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया के कारण प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है, जिससे मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, बिलासपुर में कॉलोनियों में कमर तक भरा पानी

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, बिलासपुर में कॉलोनियों में कमर तक भरा पानी

बिलासपुर में 93 साल का रिकॉर्ड टूटा

सबसे अधिक असर बिलासपुर में देखने को मिला, जहां बीते 24 घंटे में 415.6 मिमी (16 इंच से अधिक) बारिश दर्ज की गई। यह वर्ष 1933 के 14.93 इंच वर्षा के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने वाला आंकड़ा है। रिकॉर्ड बारिश के कारण शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं, कई कॉलोनियों में कमर तक पानी भर गया और सैकड़ों घरों में पानी घुस गया। बाढ़ जैसी स्थिति बनने पर SDRF की टीम ने मोटर बोट के जरिए फंसे लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। एक महिला की डूबने से मौत हो गई, जबकि कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।


रेल, सड़क और बिजली व्यवस्था प्रभावित

भारी बारिश के चलते रेलवे ट्रैक, पुल और कई सड़कें पानी में डूब गईं। रेलवे स्टेशन और यार्ड में जलभराव के कारण 7 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 4 ट्रेनों का मार्ग बदला गया। करीब 80 बसों का संचालन भी प्रभावित रहा। वहीं 17 ट्रांसफार्मर जलमग्न होने से कई इलाकों में सुरक्षा की दृष्टि से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया और परीक्षाएं भी प्रभावित हुईं।

सरगुजा में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों की मौत

सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चे झुलस गए। इनमें दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो सगे भाइयों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

बलौदाबाजार में बढ़ा नदी-नालों का जलस्तर

बलौदाबाजार जिले में महानदी, शिवनाथ नदी और कई छोटे-बड़े नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। संभावित बाढ़ को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने प्रशासन, होमगार्ड, आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू टीमों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बिलासपुर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश

बारिश का असर पूरे बिलासपुर संभाग में देखने को मिला। जांजगीर में 170 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 75 मिमी, मुंगेली में 58.8 मिमी, कोरबा में 47.4 मिमी, सक्ती में 38.5 मिमी, रायगढ़ में 34 मिमी और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 33.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

अगले 48 घंटे रहें सतर्क

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रह सकती है। पहले से जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के पास नहीं जाने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

You may also like