CG Prime News@दुर्ग.Nine students fall ill after consuming intoxicating tablets at a school in Durg दुर्ग के नया पारा वार्ड 1 स्थित चंद्रशेखर आजाद स्कूल में शनिवार को नशीली टेबलेट खाकर 9 स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। हालात ये हो गए हैं कि नशे की गिरफ्त में आए 9 में सात बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जिनमें चार की हालत नाजुक बन गई थी। वो तो गनीमत रही कि डॉक्टरों ने समय पर उपचार शुरू किया तब जाकर उनकी हालत में सुधार आया।

Breaking: दुर्ग के स्कूल में नशीली टेबलेट खाकर नौ छात्र बीमार, 7 अस्पताल में भर्ती
परिजनों ने थाने में किया जमकर हंगामा
इधर नशीली टेबलेट खाकर बच्चों की तबीयत बिगडऩे के बाद उनके परिजन गुस्से में सिटी कोतवाली पहुंच गए। जहां उन्होंने जमकर हंगामा किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नवीन सिंह राजपूत ने स्कूल के प्राचार्य को थाने में तलब किया। प्राचार्य ने पुलिस से कहा कि बच्चों को नशीली टेबलेट स्कूल के ही एक लड़के ने दी थी। वो आदतन नशेड़ी है। बच्चों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने स्कूल के बाहर टेबलेट खाई थी। जैसे ही बच्चों की तबीयत बिगड़ी तो उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों ने टीचर्स और प्राचार्य पर लापरवाही का आरोप लगाया
इधर बीमार बच्चों के परिजनों ने थाने में स्कूल के प्राचार्य और टीचर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि जब उन्हें पता है कि नाबालिग लड़का नशे की टेबलेट लेता है तो उसे स्कूल से बाहर निकाल देना चाहिए था। स्कूल प्रबंधन ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते उनके बच्चों ने भी नशीली टेबलेट खा ली। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में जांच में जुट गई है। नशीली टेबलेट कैसे स्कूल पहुंचा, कौन-कौन इसमें शामिल है उसकी जांच कर रही है।
