CG Prime News@दिल्ली. Badrinath Dham Donation Theft Case उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के निलंबित पर्सनल असिस्टेंट प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें 12 जुलाई की रात देहरादून के नेहरू कॉलोनी स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें चमोली लाकर बद्रीनाथ थाने में पूछताछ की जा रही है।
CCTV फुटेज बनी जांच का सबसे बड़ा आधार
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण की शिकायत पर बद्रीनाथ कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। एसपी सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गठित SIT ने CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की विस्तृत जांच की। जांच में सामने आया कि प्रमोद नौटियाल कई बार मोबाइल फोन के नीचे और अपनी जेब में मंदिर की नकदी तथा अन्य भेंट सामग्री लेकर जाते दिखाई दिए। पुलिस का दावा है कि उन्होंने 500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर का पैकेट भी नियमों के विपरीत अपने कब्जे में लिया।

बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: BKTC के निलंबित पर्सनल असिस्टेंट प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार


पूछताछ में कई अहम पहलुओं की जांच
गिरफ्तारी के बाद बद्रीनाथ थाने में प्रमोद नौटियाल सहित मंदिर समिति के चार कर्मचारियों से पूछताछ जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान उनसे यह भी पूछा गया कि क्या इस मामले में मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की कोई भूमिका है। इस सवाल पर प्रमोद नौटियाल ने सिर हिलाकर इनकार किया। हालांकि, SIT पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की जांच कर रही है।
2 जुलाई की घटना से खुला पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई को श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गणना के दौरान कथित अनियमितता की सूचना मंदिर समिति को मिली थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना गणना स्थल से धनराशि हटाई गई। इसी दौरान की CCTV फुटेज में प्रमोद नौटियाल मोबाइल के नीचे नोटों जैसी गड्डी दबाकर ले जाते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और BKTC ने विभागीय जांच शुरू कर दी।
हाईकोर्ट में भी चल रही सुनवाई
इस मामले में 10 जुलाई को उत्तराखंड हाईकोर्ट की एकलपीठ ने प्रमोद नौटियाल की याचिका पर सुनवाई करते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति को 16 जुलाई तक विस्तृत जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
