CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले की स्मृति नगर चौकी पुलिस ने निजी थार गाड़ी में पुलिस मोनो और बोर्ड लगाकर स्टंट करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक लोगों में भय उत्पन्न करने के लिए लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहा था। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और स्टंटबाज को सबक सिखाया।
पुलिस को मिली सूचना स्टंट मार रहा था युवक
दुर्ग जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विशेष अभियान के तहत थाना सुपेला अंतर्गत चौकी स्मृति नगर क्षेत्र में दिनांक 23 अप्रैल को सूचना प्राप्त हुई कि जुनवानी चौक के पास एक थार वाहन चालक अपने निजी वाहन में अवैध रूप से “पुलिस” मोनो और बोर्ड लगाकर वाहन को तेज गति से चला रहा है। लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए आमजन के जीवन को खतरे में डाल रहा है।
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर वाहन चालक को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन चालक का कृत्य प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर अपराध क्रमांक 555/2026 धारा 281 बीएनएस एवं धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इस आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
1. थार वाहन चालक
समीर वर्मा ,उम्र 23 वर्ष, आर्य नगर कोहका ।
जप्त वाहन
वाहन क्रमांक cg 07 cp 8800
ब्लैक थार वाहन
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें एवं किसी भी प्रकार के अवैध कृत्य या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
