Friday, May 15, 2026
Home » Blog » बिजली बिल योजना को अच्छा रिस्पॉन्स

बिजली बिल योजना को अच्छा रिस्पॉन्स

दुर्ग नगर संभाग में शिविरों और जागरूकता अभियान से बढ़ी भागीदारी, 31 मार्च तक सभी पात्र उपभोक्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग में बिजली बिल समाधान योजना के लिए लगाए गए शिविर में पंजीयन करते उपभोक्ता

दुर्ग. नगर संभाग में “मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना” को लेकर उपभोक्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। 13 मार्च 2026 से बोरसी, बघेरा, दुर्ग शहर और जवाहर नगर जोन में लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मोबाइल वैन और माइक प्रचार के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे योजना को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

पंजीयन में बेहतर प्रगति

विभाग के अनुसार बीपीएल और कृषि श्रेणी में शत-प्रतिशत पंजीयन पूरा हो चुका है। बीपीएल के 84 और कृषि के 7 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लिया है। वहीं एपीएल श्रेणी के 180 पात्र उपभोक्ताओं में से 86 का पंजीयन हो चुका है और 24 उपभोक्ताओं ने 24,800 रुपये जमा भी किए हैं।

घर-घर पहुंच रही टीम

कार्यपालन अभियंता रवि कुमार दानी ने बताया कि विभागीय टीम और मीटर रीडर घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से संपर्क कर रहे हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले मीटर रीडरों को प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है, जिससे अभियान को गति मिली है।

31 मार्च तक पूरा होगा लक्ष्य

संभाग ने 31 मार्च 2026 तक सभी पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। विभाग ने अपील की है कि जो लोग अब तक योजना से नहीं जुड़े हैं, वे नजदीकी शिविर, जोन कार्यालय या मोर बिजली ऐप के माध्यम से जल्द पंजीयन कराएं।

You may also like