भिलाई. नगर निगम आयुक्त Rajeev Kumar Pandey ने शहर में प्रस्तावित सड़क निर्माण, उद्यान, निर्माणाधीन नाली और सुलभ शौचालयों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य जल्द शुरू कर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रियदर्शिनी परिसर से सुपेला चौक तक बनेगी सड़क
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जोन-1 नेहरू नगर अंतर्गत प्रियदर्शिनी परिसर से सुपेला चौक तक सर्विस रोड का निरीक्षण किया। पुरानी सड़क जर्जर होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सुपेला गदा चौक से इंदिरा चौक तक प्रस्तावित सड़क का भी निरीक्षण किया गया, ताकि नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर
नेहरू नगर स्थित उद्यान के भीतर निर्माणाधीन भवन का अवलोकन करते हुए आयुक्त ने कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं सूर्या मॉल चौक के पास निर्माणाधीन नाली का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय सीमा में पूरा करने को कहा।
खुर्सीपार में सड़क और शौचालय निर्माण के निर्देश
आयुक्त ने जोन-4 खुर्सीपार शिवालय चौक के पास जर्जर सड़क का निरीक्षण कर मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही अवैध कब्जे हटने के बाद खाली हुई जगह पर नागरिकों की सुविधा के लिए नई सड़क बनाने और अतिरिक्त स्पीड ब्रेकर हटाने के निर्देश भी दिए। खुर्सीपार क्षेत्र में जर्जर हो चुके सार्वजनिक शौचालय के स्थान पर नया सुलभ शौचालय निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत, अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, संजय वर्मा, सहायक अभियंता अर्पित बंजारे, उप अभियंता रीमा जामुलकर, चंदन साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
