भिलाई। भट्टी थाना भिलाई नगर क्षेत्र के सेक्टर-1 स्थित मुर्गा चौक के पास फ्लाइओवर के नीचे बुधवार रात लगभग 8 बजे 22 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक फ्लाई ओलर से गिरने के कारण मौत हुई है। (Body of youth found under flyover in Bhilai, FSL investigation underway)
FSL टीम ने किया मौका निरीक्षण
भट्टी थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और मामला संदिग्ध लगने पर तत्काल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को सूचना दी। घटनास्थल का निरीक्षण FSL टीम द्वारा किया गया। प्रारंभिक जांच में युवक की मृत्यु फ्लाइओवर से गिरने के कारण होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना अथवा आत्महत्या का हो सकता है, हालांकि स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया शव
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया है। भिलाई भट्टी थाना पुलिस अब अज्ञात युवक की पहचान करने के प्रयास में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से आग्रह की है कि यदि किसी को युवक की पहचान संबंधी जानकारी हो तो तत्काल भिलाई भट्टी थाना से संपर्क करें।
