कांकेर | जिले में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी दुधावा पुलिस ने ग्राम बासनवाही में रेड कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 12.5 लीटर अवैध महुआ शराब एवं बिक्री की नकदी जब्त की है।
मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 फरवरी 2026 को चौकी दुधावा पुलिस टीम जूर्म-जरायम पतासाजी एवं ग्राम भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बासनवाही के गढ़ियापारा क्षेत्र में एक महिला अपने घर के सामने अवैध रूप से महुआ शराब बेच रही है। बताया गया कि बाजार आने वाले लोगों और भारतमाला रोड निर्माण में कार्यरत मजदूरों को शराब की बिक्री की जा रही थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।
घर से बरामद हुई 12.5 लीटर महुआ शराब
मौके पर मौजूद महिला ने पूछताछ में अपना नाम रमिना नेताम (50 वर्ष), निवासी बासनवाही गढ़ियापारा बताया। महिला की सहमति से घर की तलाशी लेने पर एक सफेद प्लास्टिक जरीकेन में 12.5 लीटर हाथ भट्टी से बनी देशी महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब की अनुमानित कीमत ₹1250 तथा बिक्री रकम ₹200 जब्त कर कब्जे में लिया।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी महिला के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र वर्मा, प्रधान आरक्षक गौतम बिसेन, गुरुचंद शोरी, आरक्षक प्रमोद कोर्राम, डोमार मरकाम, राजेश्वर सलाम तथा महिला आरक्षक कविता सिन्हा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दी गई सूचना एवं सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
