बलौदाबाजार. भाटापारा पुलिस ने दिनांक 22 से 24 फरवरी 2026 तक आयोजित गिरौदपुरी मेले में कानून और शांति बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर 18 राजपत्रित अधिकारियों, 21 निरीक्षक, 51 उनि/सउनि, 66 प्रधान आरक्षक और 812 आरक्षक/महिला आरक्षक सहित कुल 968 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया।
संपूर्ण मेला परिसर को छह सेक्टर में विभाजित किया गया, जिसमें मुख्य मंदिर, गुरु निवास, मेला चौकी, आउटर पॉइंट, छाता पहाड़, जोंक नदी एनीकट और पार्किंग क्षेत्रों की विशेष सुरक्षा व्यवस्था रखी गई।
पेट्रोलिंग और आकस्मिक तैयारी
मेल परिसर में पैदल, बाइक और चारपहिया वाहन पेट्रोलिंग पार्टियों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी गई। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, अग्निशामक यंत्र और गोताखोरों की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था की गई।
सिविल कपड़ों में विशेष टीमों द्वारा पॉकेटमारी, चैन स्नेचिंग और अन्य अपराधों पर नज़र रखी गई। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 03 महिला राजपत्रित अधिकारी और 150 महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया।
पुलिस सहायता केंद्र और मोबाइल एप
मेल परिसर में सात पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए, जहां आमजनों को मार्गदर्शन, पार्किंग, एंबुलेंस, पानी और चिकित्सा जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा, गिरौदपुरी मोबाइल एप का निर्माण किया गया, जिससे श्रद्धालु मेला में उपलब्ध सभी सुविधाओं की जानकारी डिजिटल रूप में प्राप्त कर सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मेला के दौरान शांति, कानून और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी को अपनी-अपनी ड्यूटी तत्परता और निष्ठा के साथ निभाने का निर्देश दिया गया।
