बलरामपुर. जिले के थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए पति सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(v) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
पेड़ पर लटका मिला था शव
13 फरवरी 2026 की शाम ग्राम झपरा लातापानी के घने जंगल में एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। सूचना पर थाना बलरामपुर में मर्ग क्रमांक 09/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई।
शव परीक्षण के दौरान महिला के शरीर पर गंभीर चोट और खरोंच के निशान पाए गए। डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मृत्यु को हत्यात्मक प्रकृति का बताया गया। मृतिका की पहचान बंधनी (50 वर्ष) पत्नी गुना राम निवासी झपरा के रूप में हुई।
चरित्र शंका को लेकर था विवाद
मर्ग जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी गुना राम अपनी पत्नी के घर से बाहर जाने और देर से लौटने को लेकर शंका करता था। घटना के दिन भी बाजार से देर से लौटने पर उसने पत्नी को धक्का देकर गिराया और बांस के डंडे, हाथ-पैर से मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लखन कुम्हरिया ने गुना राम के साथ मिलकर हत्या को छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ पर लटकाने में सहयोग किया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गुना राम (58 वर्ष) और लखन कुम्हरिया (50 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम झपरा को गिरफ्तार कर 15 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले की विवेचना जारी है।
