जशपुर | जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ के गंभीर मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर 9 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर अभियान चलाया और सभी संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद तत्काल दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को प्रार्थी ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 35 वर्षीय भतीजी और 13 वर्षीय नाबालिग बेटी मेहमानी से लौटते समय रास्ते में एक चौक के पास कुछ युवकों द्वारा छेड़छाड़ की गई। घटना के दो दिन बाद नाबालिग पीड़िता ने बताया कि एक आरोपी ने उसे जबरन सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी मौके पर मौजूद रहे। मामले की जानकारी गांव में फैलने पर आरोपियों द्वारा पीड़ित परिवार को पैसे देकर मामला दबाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
प्रार्थी की शिकायत पर थाना नारायणपुर में बीएनएस की धारा 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
चार विशेष टीमों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा (23 वर्ष) सहित अन्य सहयोगी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया अपराध
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
महिला एवं बाल अपराधों पर सख्त रुख
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
