जांजगीर-चांपा। कोटमीसोनार क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 08 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है, जब आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते प्रार्थी के घर में घुसकर हमला कर दिया।
विवाद के दौरान मां से भी की मारपीट
पुलिस के अनुसार प्रार्थी शुभम यादव, निवासी स्कूल पारा कोटमीसोनार, के घर आरोपियों ने एक राय होकर प्रवेश किया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की मां के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना की शिकायत मिलने पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 83/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
त्वरित कार्रवाई में आरोपियों की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और सभी को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। प्रकरण में एक विधि विरुद्ध बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
-
विजय कुमार केंवट (39 वर्ष)
-
कन्या कुमारी केवट (36 वर्ष)
-
रामेश्वर उर्फ परमेश्वर केंवट (28 वर्ष)
-
अजय केवट (38 वर्ष)
सभी निवासी कोटमीसोनार, थाना अकलतरा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय एवं पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
