रायपुर | शहर में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के अभियान के तहत खमतराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार चाकू जब्त किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर नार्थ जोन क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रख रही थी।
अलग-अलग जगहों से हुई गिरफ्तारी
19 फरवरी 2026 को खमतराई पुलिस को सूचना मिली कि भनपुरी स्थित अरोरा धर्मकाटा के पास एक युवक धारदार चाकू लहराकर लोगों को धमका रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी आयुष ठाकुर (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी तरह डब्ल्यूआरएस कॉलोनी दशहरा मैदान के पास रोशन सिंह (27 वर्ष) को चाकू लहराते हुए पकड़ा गया। वहीं तीसरी कार्रवाई में कोल्हान नाला, मेटल पार्क रावांभाठा क्षेत्र से कुलदीप सिंह (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। आयुष ठाकुर आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामलों में, रोशन सिंह आर्म्स एक्ट व विवाद प्रकरण में तथा कुलदीप सिंह भी मारपीट व आर्म्स एक्ट मामलों में पहले गिरफ्तार हो चुका है।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 109/2026, 110/2026 एवं 111/2026 दर्ज कर धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
