CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले में पुलिस आरक्षक की नौकरी लगाने के नाम पर 12 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। उतई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2023 में पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती कराने का झांसा देकर पीडि़त के पुत्र से दोनों आरोपियों ने 12 लाख रुपए लिए थे। रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगी। आरोपियों द्वारा राशि वापस नहीं करने पर पीडि़त ने थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई थी।
यह है पूरा मामला
20 अगस्त को पीडि़त गैंदलाल बंछोर, निवासी ग्राम सेलूद ने उतई थाने में लिखित शिकायत प्रस्तुत की। पीडि़त ने शिकायत में बताया कि आरोपी उमेश दास मानिकपुरी, निवासी ग्राम अतरिया, जिला बेमेतरा द्वारा वर्ष 2023 में उसके पुत्र विकास बंछोर को पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती कराने का झांसा दिया गया। नौकरी लगवाने के नाम पर कुल 12,00,000 रुपये लिए गए। इसके बाद नौकरी नहीं लगाई गई और रकम भी वापस नहीं की गई।
पुलिस ने दबिश देकर किया दोनों को गिरफ्तार
शिकायत की जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर थाना उतई में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई। थाना उतई पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर उमेश दास मानिकपुरी एवं राजेश वर्मा दोनों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपियों से संबंधित बैंक खाता एवं मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. उमेश दास मानिकपुरी, निवासी ग्राम अतरिया, जिला बेमेतरा, छत्तीसगढ़।
2. राजेश वर्मा, उम्र 57 वर्ष, निवासी बिलासपुर, छत्तीसगढ़।

इस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक श्रीराम पेन्ड्रो, प्रधान आरक्षक मनीष थापा, अभिषेक पाण्डेय, आरक्षक धु्रवनारायण चन्द्राकर, अजय देवांगन अन्य थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
