प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गंभीर आरोप
Chhattisgarh. Politics heats up over Vedanta power plant accident, Youth Congress releases fact-finding report. रायपुर में शनिवार को युवा कांग्रेस ने वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट जारी की। इस दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और प्रदेश के सभी पावर प्लांट्स का सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की।
जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाले दावे
प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और कुनकुरी नगर पालिका अध्यक्ष विनयशील गुप्ता ने दावा किया कि हादसे की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि पावर प्लांट के क्रियान्वयन और संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। साथ ही यह सवाल भी उठाया गया कि हादसे से जुड़ी FIR अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई।
शॉर्ट शटडाउन को लेकर उठे सवाल
युवा कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि हादसे से करीब 10 दिन पहले प्लांट में शॉर्ट शटडाउन हुआ था। नियमों के अनुसार ऐसी स्थिति में उद्योग विभाग से अनुमति लेना आवश्यक होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्लांट प्रबंधन ने संबंधित विभाग से जरूरी परमिशन ली थी या नहीं। संगठन ने आरोप लगाया कि मामले को दबाने और रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है।
सेफ्टी ऑडिट की मांग, आंदोलन की चेतावनी
युवा कांग्रेस ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ के सभी पावर प्लांट्स का तत्काल सेफ्टी ऑडिट कराया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। नेताओं ने कहा कि केवल मुआवजा देकर मामले को खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि FIR सार्वजनिक नहीं की गई और जिम्मेदारों पर कड़ी धाराओं में कार्रवाई नहीं हुई, तो युवा कांग्रेस सक्ती से रायपुर तक बड़ा प्रदर्शन करेगी।
