Thursday, February 12, 2026
Home » Blog » Breaking: बीजापुर-कांकेर में नक्सली मुठभेड़, 4 माओवादी ढेर, BGL लॉन्चर और विस्फोटक बरामद

Breaking: बीजापुर-कांकेर में नक्सली मुठभेड़, 4 माओवादी ढेर, BGL लॉन्चर और विस्फोटक बरामद

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cgprimenews

CG Prime News@जगदलपुर. Naxalite encounter in Bijapur-Kanker, four Maoists killed छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के सरेंडर और शांति वार्ता की पहल की बीच एक बार फिर सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने मुठभेड़ में चार नक्सलियों को मारा गिराया है। इनमें बीजापुर में 2 नक्सली और गढ़चिरौली में 2 महिला नक्सली शामिल हैं। चारों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। डीआईजी कमलोचन कश्यप ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।

नक्सलियों सरेंडर का प्रेस नोट किया था जारी

एनकाउंटर के एक दिन पहले मंगलवार को नक्सली लीडर अभय ने प्रेस नोट जारी कर कहा था कि सरकार के सामने सरेंडर करने और हथियार डालने को तैयार हैं। प्रेस नोट में कहा था कि अगर सरकार वास्तव में वार्ता चाहती है, तो वह जेल में बंद माओवादी साथियों से भी विचार-विमर्श की अनुमति दे। इस दौरान संगठन पर पुलिस दबाव न डाले।

बढ़ सकती है मारे गए नक्सलियों की संख्या

डीआईजी ने बताया कि बीजापुर के गंगालूर इलाके में मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। अभी ऑपरेशन रुका नहीं है। दोनों ओर से गोली-बारी जारी है। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। जवानों से डिटेल मिलने पर अपडेट दे पाएंगे।

बीजापुर में दो शव बरामद

बीजापुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गंगालूर इलाके के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजदूगी का इनपुट मिला था। इसके बाद डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बटालियन के जवान सर्चिंग अभियान पर निकले थे। इस दौरान बुधवार दोपहर करीब 3 बजे घात लगाए बैठे नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी गोलियां चलाईं। सर्चिंग में 2 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से एक 303 राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।

कांकेर-महाराष्ट्र सीमा पर मुठभेड़

बुधवार को कांकेर-महाराष्ट्र सीमा पर गढ़चिरौली जिले के गट्टा जाबिया में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें जवानों ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। बताया जा रहा है कि सी60 और सीआरपीएफ के जवान नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे।

इस दौरान मोडास्के के जंगलों में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने गोलीबारी की। जवाबी गोलीबारी में सुरक्षा बलों ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। सुरक्षा बलों ने मौके से एके47, राइफल और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है। महिला नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है। सर्चिंग जारी है।

You may also like