
CG Prime News@कोरिया. छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक पुलिस आरक्षक की नाबालिग बेटी ने चोरी के आरोप से आहत होकर आत्महत्या कर लिया। मृतक नाबालिग ने सुसाइड से पहले एक नोट में लिखा है कि, मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है। अब छात्रा को न्याय दिलाने के लिए पुलिस परिवार के लोगों ने गुरुवार को थाने का घेराव किया है।
स्कूटी छोडऩे के एवज में 50 हजार की डिमांड की
मिली जानकारी के अनुसार आईसी मार्ट के संचालक ने नाबालिग लड़की पर कॉस्मेटिक सामान की चोरी करने का आरोप लगाकर स्कूटी जब्त कर ली थी। छोडऩे के एवज में 50 हजार रुपए की डिमांड की। मार्ट संचालक ने मृतक लड़की से चोरी का नोट भी लिखवा लिया था। जिससे परेशान होकर नाबालिग ने सुसाइड कर लिया।

चोरी के आरोप से आहत पुलिस कांस्टेबल की नाबालिग बेटी ने किया सुसाइड

पुलिस परिवार ने घेरा थाना
इस घटना से आहत होकर मृत लड़की के परिजन और पुलिस परिवार के सदस्यों ने आईसी मार्ट संचालक के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। पुलिस ने मामले में संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इधर पुलिस ने परिवार के सदस्यों ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का भी घेराव कर दिया था।
छात्रा ने घर में लगाई फांसी, मां की हालत बिगड़ी
आरक्षक ने पूरी घटना की जानकारी फोन पर अपनी पत्नी को दी, जो मायके सूरजपुर गई थीं। जब छात्रा को इस बारे में पता चला तो वह काफी परेशान और डर गई। दोपहर करीब 2 बजे रितु सिंह की मां बस से बैकुंठपुर पहुंची।
उस समय उसके पिता उन्हें लेने बस स्टैंड गए हुए थे। इस दौरान छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। जब दोनों घर पहुंचे तो उन्हें पूजा सिंह का शव फांसी पर झूलता मिला। घटना के बाद पूजा की मां की मानसिक हालत बिगड़ गई है। उसे जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है। वह बार-बार बेहोश हो जा रही है। उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
आईसी मार्ट सील
पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। अंबिकापुर से साइबर एक्सपर्ट की टीम भी जांच के लिए बैकुंठपुर पहुंची। टीम ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज समेत बाकी सबूतों की जांच की। घटना के बाद से आईसी मार्ट का संचालक फरार है।
संचालक समेत 3 के खिलाफ FIR
बैकुंठपुर पुलिस ने मार्ट संचालक दीपक बैद, विनोद बैद और जगत बैद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, जबरन वसूली और सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 107, 308(2), 309(4) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v) सहित अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
