Home » Blog » स्वास्थ्य विभाग का क्लर्क रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, नर्स से लीव सेटलमेंट के लिए मांगे पैसे तो महिला ने ACB में की शिकायत

स्वास्थ्य विभाग का क्लर्क रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, नर्स से लीव सेटलमेंट के लिए मांगे पैसे तो महिला ने ACB में की शिकायत

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
CG PRIME NEWS

@Dakshi sahu Rao

CG Prime News@रायपुर. राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य विभाग का बाबू 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ है। शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार एक नर्स से एजुकेशन लीव सेटलमेंट के लिए बाबू घूस ले रहा था। तभी एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।

नर्स से मांगा रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग का क्लर्क सूरज नाग नवा रायपुर स्थित संचनालय में पदस्थ है। वो गरियाबंद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत नर्स नेमिका तिवारी से 2 साल के एजुकेशन लीव के सेटलमेंट के लिए पैसे की मांग कर रहा था। नेमिका तिवारी ने लीव अप्रूव कराने के लिए संयुक्त संचालक (नर्सिंग) में आवेदन दिया था। रिश्वतखोर क्लर्क फाइल को आगे बढ़ाने के लिए 20 हजार रुपए की मांग कर रहा था।

ACB में की थी शिकायत
रिश्वतखोर क्लर्क को सबक सिखाने के लिए नर्स ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन बयूरो में कर दी। इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार दोपहर क्लर्क सूरज ने नर्स को अपने राजेंद्र नगर स्थित सरकारी घर के पास बुलाया। नर्स ने एसीबी के दिए 20 हजार कैश को क्लर्क के हाथों में दिया। क्लर्क ने रुपए अपनी जेब में रख लिए। जिसके बाद एसीबी की टीम ने बाबू को पकड़ लिया। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी क्लर्क से पूछताछ कर रही है।

You may also like