CG Prime News@कोंडागांव. Kedar Kashyap convoy accident छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले का सड़क हादसा हो गया। जूनवानी के पास एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक महिला समेत चार पुलिस जवान, मंत्री के पीए और ड्राइवर शामिल हैं। हादसे के वक्त मंत्री केदार कश्यप भी अपनी कार में मौजूद थे। उन्हें गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए।

मंत्री केदार कश्यप के काफिले का एक्सीडेंट, 6 घायल, 4 गंभीरों को रायपुर रेफर किया गया
चार घायलों की हालत गंभीर
हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। मंत्री के पीए अनुराग शर्मा को सीने में दर्द की शिकायत है। ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य के सिर, चेहरे और पैर में चोट आई है।

प्रधान आरक्षक राजेश नेताम के सिर में गंभीर चोट बताई गई है। आरक्षक सुगंतिन उसेंडी को भी सिर में गंभीर चोट लगी है। दोनों को रायपुर रेफर किया गया है। वहीं आरक्षक त्रिलोतमा मदरू के सिर, सीने, पीठ और दाहिने हाथ में चोट आई है। आरक्षक नर्मदा मरकाम के सिर और बाएं कंधे में चोट लगी है।
काफिले की तीनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो जूनवानी के पास काफिले में घुस गई और मंत्री की कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर फॉलो वाहन से जा भिड़ी। दुर्घटना में काफिले की तीनों गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।

पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस ने जेसीबी की मदद से वाहनों को हटवाया। पुलिस अब हादसे के कारणों और स्कॉर्पियो चालक की भूमिका की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मंत्री सुरक्षित हैं। पुलिस दुर्घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है।
