CCTV से खुला राज
भिलाई। बेटी की मौत के गम में डूबा परिवार अंतिम संस्कार में व्यस्त था। घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का आना-जाना लगा था। इसी बीच घर से नकदी और सोने के झुमके गायब हो गए। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग बना। इसके आधार पर भिलाई नगर पुलिस ने कीर्ति करांगले नामक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रेलवे कर्मचारी की पत्नी है। उसके कब्जे से 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़ेः बिलासपुर में हेरोइन खपाने की तैयारी, 11.73 ग्राम के साथ आरोपी गिरफ्तार
सड़क दुर्घटना में हुई थी बेटी की मौत
भिलाई नगर थाना टीआई जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता रेलवे में लोको पायलट के पद पर दुर्ग में कार्यरत है। उसकी बेटी अक्षिता अवचट की 20 अक्टूबर 2026 को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस घटना से परिवार सदमे में था। उसी दिन दोपहर करीब दो बजे बेटी के शव को मिट्टी देने के लिए नीचे उतारा गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट चले गए। शाम करीब छह बजे सभी घर लौटे।

अगले दिन बेडरूम से गायब मिले रुपये और झुमके
परिवार को चोरी का पता अगले दिन चला। शिकायतकर्ता के अनुसार, 21 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे वह अपनी जेब से रुपये निकालने गया। हालांकि, रकम नहीं मिली। इसके बाद उसने घर में तलाश की। इसी दौरान बेटी के बेडरूम में रखी नकदी और पत्नी के पुराने सोने के कान के झुमके गायब मिले। परिवार को आशंका हुई कि शोक कार्यक्रम के दौरान घर आए लोगों में से किसी ने चोरी की है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी
बेटी की मौत के कारण परिवार तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सका। बाद में 26 अक्टूबर को भिलाई नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कीर्ति करांगले की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

45 हजार रुपये नकद बरामद
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। हालांकि, चोरी गए सोने के झुमकों की बरामदगी के संबंध में फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
