Saturday, October 24, 2026
Home » Blog » त्योहारी सीजन में यातायात पुलिस की सख्ती, बाजारों में नो-पार्किंग पर कार्रवाई

त्योहारी सीजन में यातायात पुलिस की सख्ती, बाजारों में नो-पार्किंग पर कार्रवाई

दुर्ग-भिलाई के प्रमुख बाजारों में विशेष अभियान, क्रेन से हटाए जा रहे बेतरतीब खड़े वाहन; PA सिस्टम से लोगों को किया जा रहा जागरूक

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग-भिलाई के प्रमुख बाजारों में नो-पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस की कार्रवाई

बाजारों में बढ़ी भीड़, यातायात पुलिस अलर्ट

दुर्ग. भिलाई में त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर यातायात पुलिस प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजारों में जाम की स्थिति रोकना और लोगों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है।

इन बाजारों में नो-पार्किंग पर कार्रवाई

यातायात पुलिस की कार्रवाई दुर्ग के इन्द्रिरा मार्केट, स्टेशन रोड और ग्रीन चौक के साथ भिलाई के पावर हाउस मार्केट तथा जवाहर मार्केट सुपेला में की जा रही है। इन क्षेत्रों में नो-पार्किंग स्थानों पर खड़े वाहनों को हटाया जा रहा है। विशेष रूप से सड़क पर बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात कार्यालय लाया जा रहा है। वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की समझाइश भी दी जा रही है।


PA सिस्टम से दुकानदारों और वाहन चालकों को समझाइश

कार्रवाई के साथ यातायात पुलिस जागरूकता पर भी जोर दे रही है। बाजार क्षेत्रों में PA सिस्टम के माध्यम से दुकानदारों, वाहन चालकों और ग्राहकों को लगातार समझाइश दी जा रही है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि खरीदारी के लिए बाजार जरूर आएं, लेकिन सड़क या नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें। इससे दूसरे लोगों को परेशानी होती है और कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है।

नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी

त्योहारी भीड़ के दौरान सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है। इसलिए यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने दुकानदारों से भी सहयोग की अपील की है। दुकानों के सामने सड़क पर अनधिकृत पार्किंग को बढ़ावा नहीं देने को कहा गया है।

नागरिकों से सहयोग की अपील

यातायात पुलिस ने बाजार आने वाले नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। मुख्य मार्ग, चौराहे और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने को कहा गया है। पुलिस का कहना है कि थोड़े से अनुशासन से सभी का आवागमन आसान हो सकता है। त्योहार खुशियों के साथ मनाएं और यातायात नियमों का पालन करते हुए दुर्ग-भिलाई को जाममुक्त रखने में सहयोग करें।

You may also like