तलवार लेकर लोगों को डराने की सूचना पर घेराबंदी
भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर तलवार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 23 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्ति धारदार स्टील तलवार लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और दोनों स्थानों पर घेराबंदी की।

वैशाली नगर थाना पुलिस ने तलवार लेकर लोगों को धमकाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दो आरोपियों से तलवारें बरामद
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए शुभम यादव (33) और नीरज कुमार सिंह (28) को पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक स्टील तलवार बरामद हुई। कार्रवाई में तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 390/2026 और 391/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पूर्व विवाद ने बढ़ाया तनाव
इसी दिन वैशाली नगर थाना क्षेत्र के कैंप-01 स्थित संगम चौक में पूर्व विवाद को लेकर गाली-गलौज का मामला सामने आया। मना करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। इससे इलाके में तनाव पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन संबंधित लोगों ने समझाइश नहीं मानी।
शांति भंग की आशंका पर सात गिरफ्तार
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए वैशाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने नितेश कुमार सिंह, रोहित कुमार सिंह, सुमन मौर्य, मुकेश मानिकपुरी, जोगेन्द्र सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, विकास सिंह और सोहन मेषराम को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक इस्तगासा तैयार किया। सभी को जेल दाखिल कराया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा विवाद
वैशाली नगर पुलिस की इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में संभावित तनाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और विवाद के बाद शांति भंग करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की है।
