राजनांदगांव। Three arrested, including the main accused, in the Gaurinagar cow slaughter case. गौरीनगर में गाय की हत्या कर उसके सिर को शीतला तालाब और निर्माणाधीन अंडरब्रिज के पास फेंकने के मामले में चिखली पुलिस और साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी को नागपुर और दो महिला आरोपियों को गौरीनगर से पकड़ा गया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ेः फॉरेक्स ट्रेडिंग में लाभ का झांसा, 18.63 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
नागपुर से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एजाज अहमद उर्फ कसाई उर्फ वकील अंसारी, उम्र 39 वर्ष, निवासी नागपुर शामिल है। पुलिस टीम ने उसे नागपुर से अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में पुलिस ने उसके द्वारा पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के साथ मिलकर घटना में शामिल होने की बात सामने आने का दावा किया है।

इसके अलावा गौरीनगर निवासी खैरून निशा, उम्र 60 वर्ष और नसीमा बेगम उर्फ रानी, उम्र 57 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों पर गौमांस की खरीदी से जुड़े मामले में संलिप्तता का आरोप है।
14 आरोपी अब तक गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने इससे पहले 17 अक्टूबर को 10 आरोपियों और एक अपचारी बालिका को पकड़ा था। इसके बाद 18 अक्टूबर को तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। इस तरह पुलिस के मुताबिक मामले में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसके लिए चौकी चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी। तकनीकी जानकारी और लगातार पतासाजी के आधार पर टीम ने मुख्य आरोपी को नागपुर से पकड़ा। वहीं दोनों महिला आरोपियों को गौरीनगर से गिरफ्तार किया गया।
इन धाराओं में दर्ज है मामला
गौरीनगर में गाय की हत्या कर उसके सिर को अलग-अलग स्थानों पर फेंके जाने के मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299, 325, 238 और 3(5), पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी उपेंद्र शाह, सोमनी प्रभारी ऐमन साहू, बसंतपुर प्रभारी कौशलेन्द्र देवांगन, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर सहित पुलिसकर्मियों ने भूमिका निभाई। साइबर सेल से निरीक्षक विनय पम्मार, आरक्षक अविनाश झा, मनोज खुंटे, जीवन ठाकुर, हरीश सहित टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
