Monday, September 21, 2026
Home » Blog » एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत ने जीते 4 मेडल, शूटिंग में आया डबल सिल्वर समेत 3 पदक

एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत ने जीते 4 मेडल, शूटिंग में आया डबल सिल्वर समेत 3 पदक

नगोया में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 10 मीटर एयर राइफल में हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांश पाटिल ने व्यक्तिगत पदक जीते; मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने रचा इतिहास

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत ने जीते 4 मेडल, शूटिंग में आया डबल सिल्वर समेत 3 पदक

CG Prime News@दिल्ली. Asian Games 2026 जापान के नगोया में चल रहे एशियन गेम्स में भारत ने दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए। भारतीय निशानेबाजों ने तीन पदक दिलाए, जबकि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने कांस्य पदक हासिल किया। शूटिंग के 10 मीटर एयर राइफल मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में दमदार प्रदर्शन किया।

10 मीटर एयर राइफल में भारत को तीन पदक

मेंस 10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत फाइनल में हिमांशु ढिल्लों ने 252.4 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता। वहीं रुद्रांश पाटिल ने 230.9 अंक हासिल कर ब्रॉन्ज अपने नाम किया। चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा किया।

टीम स्पर्धा में भी भारतीय तिकड़ी ने सिल्वर मेडल जीता। पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों की टीम ने कुल 1890.1 अंक बनाए और दूसरे स्थान पर रही। चीन की टीम 1899.9 अंक के साथ पहले और दक्षिण कोरिया 1884.2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।


मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका ने रचा इतिहास

भारत के लिए सुचिका तारियाल का कांस्य पदक भी खास रहा। उन्होंने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में ब्रॉन्ज हासिल किया। यह एशियन गेम्स के इस खेल में भारत का पहला पदक बताया गया है। मुकाबला विवादों में भी रहा, लेकिन सुचिका ने पदक अपने नाम किया।

हॉकी-कबड्डी में जीत, टेबल टेनिस में पाकिस्तान को हराया

दूसरे दिन भारत को महिला हॉकी और कबड्डी में भी जीत मिली। टेबल टेनिस में भारत की पुरुष और महिला टीमों ने पाकिस्तान को शिकस्त दी। दोनों मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा ऐसा रहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ी एक भी गेम अपने नाम नहीं कर सके।

मेडल टैली में 12वें स्थान पर भारत

दूसरे दिन के मुकाबलों के बाद भारत पदक तालिका में 12वें स्थान पर है। भारत के खाते में कुल छह मेडल हैं, जिनमें चार सिल्वर समेत अन्य पदक शामिल हैं। चीन 23 गोल्ड सहित कुल 38 पदकों के साथ पहले स्थान पर है। जापान 8 गोल्ड समेत 32 पदकों के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया 5 गोल्ड सहित 23 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

रुद्रांश और पार्थ पर नजर

रुद्रांश पाटिल 10 मीटर एयर राइफल के चर्चित भारतीय निशानेबाज हैं। उन्होंने 2022 काहिरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में गोल्ड जीता था। वे अभिनव बिंद्रा के बाद व्यक्तिगत वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय पुरुष निशानेबाज बने थे।

वहीं पार्थ माने ने 2024 में लीमा में आयोजित ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर राइफल का गोल्ड जीतकर जूनियर वर्ल्ड टाइटल हासिल किया था। उनके नाम उसी वर्ष जूनियर वर्ल्ड कप का सिल्वर और एशियन चैंपियनशिप का ब्रॉन्ज भी रहा।

You may also like